तिर्वा के डीएन इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन, हिंदू रीति-रिवाज से विवाह और मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न
कन्नौज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तिर्वा कस्बे के डीएन इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हसेरन विकासखंड के 38 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में तिर्वा, उमर्दा, सौरिख और हसेरन विकासखंड के लगभग 130 जोड़ों को आमंत्रित किया गया था।
हसेरन विकासखंड से योजना के तहत कुल 47 जोड़ों का चयन किया गया था, जिनमें से 9 जोड़े समारोह में अनुपस्थित रहे, जबकि 38 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तिर्वा विधायक एवं ऊर्जा व अन्य स्रोत मंत्री कैलाश राजपूत मौजूद रहे। इस दौरान हसेरन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य, तिर्वा ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सौरिख, हसेरन के खंड विकास अधिकारी राम सिंह यादव, एडीओ पंचायत अतुल कुमार मिश्र तथा समाज कल्याण विभाग से शिशुपाल सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों के लाभार्थियों ने एक साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समारोह का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह के अवसर पर सहायता प्रदान करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।








