कन्नौज। विकासखंड हसेरन क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। फसल खराब होने से प्रभावित किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर शीघ्र राहत दिलाए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत सकतपुर के ग्राम प्रधान विवेक दुबे ने बताया कि गांव के कई किसानों की धान की फसल अत्यधिक बारिश के कारण खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि रजनीश दुबे, सत्यप्रकाश मिश्र, विनोद वाजपेयी, श्यामबाबू दुबे, शिवरतन पाल, सुनील जाटव समेत कई किसानों को फसल नुकसान का सामना करना पड़ा है। प्रभावित किसानों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल की ओर से जिला प्रशासन को अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में प्रभावित किसानों को राहत मिलने का इंतजार है।
ग्राम प्रधान विवेक दुबे ने जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारियों के माध्यम से गांव में फसल नुकसान का सर्वे कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय पर सर्वे और सहायता मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी।






