कन्नौज। थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, मढ़पुरा में पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। यह जागरूकता कार्यक्रम उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, नारी सम्मान अभियान फेज-5.0 एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने विद्यालय की बालिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की सहायता ली जा सकती है।
पुलिस टीम ने वीमेन पावर लाइन 1090, यूपी-112, ऑपरेशन कवच, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित माध्यम पर देने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महिला रात्रि एस्कॉर्ट सुरक्षा योजना प्रमुख रहीं।
पुलिस टीम ने छात्राओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में भी बताया और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस स्टाफ सदैव तत्पर है। छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रम में का० जितेंद्र बघेल, का० कपिल कुमार, म०का० रंजना, म०का० प्रियांशु, म०का० नीरज, म०का० प्रियंका राजपूत, म०का० रिया सेन और म०का० निशु सहित मिशन शक्ति टीम के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





