समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां और दुष्प्रचार किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मिला। इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अनिल पाल ने शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के खिलाफ लगातार मानहानिकारक और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘आजाद मुकेश पाल देशबंधु’ नामक फेसबुक आईडी के माध्यम से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के विरुद्ध आपत्तिजनक, असत्य और भ्रामक पोस्ट साझा की गई हैं। शिकायत के अनुसार संबंधित फेसबुक अकाउंट से लगभग 25 से 30 पोस्ट प्रकाशित की गई हैं, जिनके जरिए नेताओं की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ समाज में द्वेष और भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है।
इस संबंध में जय कुमार तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार, मानहानिकारक और भारतीय कानून के तहत दंडनीय हैं। उनका कहना था कि इस प्रकार की पोस्ट से संबंधित नेताओं की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और आम जनता के बीच गलत संदेश प्रसारित हो रहा है।
अनिल पाल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा संबंधित फेसबुक अकाउंट, वायरल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए आरोपी के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।











