नशाखोरी पर खबर दिखाने के मामले में मीडिया कर्मियों की गिरफ्तारी पर जताया रोष, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की उठाई मांग
कन्नौज। हरियाणा में नशाखोरी की समस्या को उजागर करने वाली खबरों के बाद टीवी चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित चार मीडिया कर्मियों को पुलिस हिरासत में लिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में कन्नौज के पत्रकारों ने गहरा आक्रोश जताते हुए बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के जरिए पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों का कहना था कि नशाखोरी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को उजागर करना मीडिया का दायित्व है। ऐसी खबरों के बाद पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई से निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होती है।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए। पत्रकारों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा मीडिया कर्मियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की।
इस दौरान पत्रकार सहायता एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा, आलम कुरैशी, शिवा अवस्थी, संपादक अखिल, तहसील रिपोर्टर मोहम्मद नौशाद, ब्लॉक रिपोर्टर दिलीप खटीक, अब्दुल कादिर, अब्दुल्ला अख्तर, दानिश अली, रजाउल अमन, राशिद अली, महमूद, वरिष्ठ पत्रकार रईस, अल्लाह रक्खा, देवेंद्र प्रताप सिंह, सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार मौजूद रहे।








