नई दिल्ली, 6 सितंबर। पर्यावरण संरक्षण को लेकर युवाओं और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे Plant Your Future Campaign (PYFC) 2.0 का ग्रैंड कॉन्फ्रेंस रविवार को चाणक्यपुरी स्थित विश्व युवा केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यावरण कार्यकर्ताओं, युवा स्वयंसेवकों, शिक्षाविदों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में अभियान के पिछले एक साल के कामकाज और विस्तार पर चर्चा की गई। आयोजकों के मुताबिक, PYFC 2.0 के जरिए अब तक 21 राज्यों में 32 हजार से अधिक स्वयंसेवक अभियान से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा 98 से ज्यादा संस्थानों और संगठनों के साथ साझेदारी विकसित की गई है। यह अभियान के पहले संस्करण के मुकाबले बड़ा विस्तार है। पिछले चरण में 8 राज्यों के 13 हजार से अधिक स्वयंसेवक और 64 से ज्यादा साझेदार संस्थाएं व संगठन इससे जुड़े थे।
कार्यक्रम का उद्घाटन पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोगों की मौजूदगी में हुआ। इनमें ‘वॉटर मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से चर्चित डॉ. राजेंद्र सिंह, ‘पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया’ रामवीर तंवर, ‘नेस्ट मैन ऑफ इंडिया’ राकेश खत्री, डॉ. इंदिरा खुराना और विश्व युवा केंद्र के सीईओ उदय शंकर सिंह समेत कई लोग शामिल रहे। इस दौरान PYFC 2.0 की रिपोर्ट जारी की गई और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. राजेंद्र सिंह ने जल संरक्षण को जीवन और आजीविका से सीधे जुड़ा विषय बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों की देखभाल में स्थानीय समुदायों की भूमिका को अहम बताया। सम्मेलन में आयोजित पैनल चर्चाओं में युवाओं को पर्यावरणीय गतिविधियों से जोड़ने, स्वयंसेवा की संस्कृति विकसित करने और समुदायों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने पर चर्चा हुई। कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी, कर्मचारी स्वयंसेवा और संस्थागत साझेदारी जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।

पर्यावरणीय योगदान के लिए सम्मान
सम्मेलन के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक भागीदारी के क्षेत्र में काम कर रहे संस्थानों, संगठनों और व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। Avantika University और Parvaah NGO को Green Impact Champion Award, जबकि Government College for Girls, Sector 14 और Prem Youth Foundation को Eco Mobilizer Award दिया गया। Green Innovation Award AISSMS एवं KSR College of Engineering और Nirman Welfare Foundation को मिला।
व्यक्तिगत स्तर पर डॉ. गौरव बघरा को Best Faculty Mentor, डॉ. रेवेथी को Environmental Action Leader, रिडैम जैन को Outstanding Youth Leadership और अचिंत कौर को Distinguished Eco Leader के रूप में मान्यता दी गई।

सोशल एक्शन मोबिलाइज़र के निदेशक सायक सरकार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना नहीं, बल्कि लोगों को सीधे कार्रवाई से जोड़ना है। उनके मुताबिक स्वयंसेवकों की संख्या में हुई वृद्धि बताती है कि युवाओं, संस्थानों, नागरिक समाज और कॉरपोरेट क्षेत्र की साझेदारी से छोटे प्रयासों को व्यापक प्रभाव में बदला जा सकता है।
सम्मेलन का समापन प्रतिभागियों के इस संकल्प के साथ हुआ कि यहां हुई चर्चाओं और सीख को स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में बदला जाएगा।











