मतदाताओं को पर्चियां देकर मतदान के लिए भेजते रहे दोनों दलों के समर्थक, अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में चलती रही। अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं को मतदान के लिए भेजने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सक्रिय नजर आए। दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों ने मैत्रीपूर्ण वातावरण में मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने में सहयोग किया।

भारतीय जनता पार्टी के बस्ते पर वरिष्ठ भाजपा नेता पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे। वे मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध कराकर मतदान के लिए भेजते रहे। इस दौरान भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के महामंत्री आनंद कुमार सिंह, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार शाक्य, रामचंद्र शाक्य, नीरज राजपूत, विवेक दुबे सहित अन्य ग्राम प्रधान एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा भी होती रही।
वहीं, समाजवादी पार्टी के बस्ते पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख उमाशंकर बेरिया सहित वरिष्ठ सपा नेता और कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहे। सपा समर्थक भी मतदाताओं को आवश्यक पर्चियां उपलब्ध कराने और मतदान के लिए भेजने में सक्रिय दिखाई दिए।
मतदान प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों द्वारा समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाता रहा। पूरे घटनाक्रम के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा और दोनों दलों के समर्थक अपने-अपने स्तर पर चुनावी गतिविधियों में जुटे रहे।






