Udhayanidhi Stalin Arrested: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) नेता और तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को चेन्नई स्थित उनके आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने और अभिनेत्री तृषा का नाम विवादित तरीके से लेने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
यह मामला सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर आयोजित डीएमके की एक रैली से जुड़ा है। आरोप है कि रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की। इसी कार्यक्रम में अभिनेत्री तृषा के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने इस मामले में तंजावुर पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
गिरफ्तारी की आशंका के बीच उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की। मामले की सुनवाई के दौरान उनके वकील हसन मोहम्मद जिन्ना ने तत्काल सुनवाई की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए न्यायमूर्ति जी.के. इलांथिरैयन ने दोपहर बाद याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी।
इस विवाद ने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का भी ध्यान खींचा है। टीवीके ने आयोग में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली, अश्लील और यौन संकेत देने वाली थी।
टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने आयोग से मामले का संज्ञान लेने, उदयनिधि स्टालिन से सार्वजनिक और बिना शर्त माफी की मांग करने तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।








