मौसम क्रिकेट वायरल न्यूज़ स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल विज्ञान आध्यात्मिक अन्य

कांकर कुई में जलभराव से राहगीरों व स्कूली बच्चों को भारी परेशानी

Follow Us:

हसेरन/कन्नौज। ग्राम कांकर कुई में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। इससे राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार इस समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं।

जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गड्ढों में भरे पानी से सड़क का पता नहीं चल पाता, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई राहगीर फिसलकर घायल हो चुके हैं। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है।

गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के अलावा नादेमऊ के इंटर कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में जाने वाले छात्र-छात्राएं इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। यही सड़क राजपुर, जलालपुर, निजामपुर, फूलपुर, कंसुआ, आलमशाहपुरवा समेत कई गांवों को जोड़ती है। साथ ही नादेमऊ, खिरिया, नंदपुर, रामपुर, मधुपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों से हसेरन ब्लॉक मुख्यालय जाने का यह प्रमुख मार्ग है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड विकास अधिकारी राम सिंह यादव ने ग्राम प्रधान एवं सचिव को स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण पिंटू, दीपू, पुष्पेंद्र कुमार, देव नारायण और सुगर पाल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

देवेंद्र कुमार सिंह

देवेंद्र कुमार सिंह KN Live24 में ब्यूरो चीफ कन्नौज के रूप में कार्यरत है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment