कन्नौज: कस्बा नादेमऊ के रामलीला मैदान में चल रही रामलीला का सोमवार को रावण वध के साथ भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन भगवान श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। अंत में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने धनुष से रावण का वध कर असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
रामलीला के मंचन में दशानन रावण स्वयं युद्धभूमि में पहुंचा और भगवान श्रीराम की सेना को ललकारा। उसने युद्ध में विजय या वीरगति प्राप्त करने का संकल्प लिया। इसके बाद दोनों सेनाओं के बीच घमासान युद्ध हुआ। अंत में श्रीराम के बाण से रावण धराशायी हो गया। इसके बाद रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला के अंतिम दिन क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत भी पहुंचे। उन्होंने रामलीला समिति के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए आयोजन और मेले की सराहना की।अंतिम दिन रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, राजीव प्रताप राणा, भैया गुड्डू, लाला, मनीष गुप्ता, राही, रोमी भदौरिया, विमल प्रताप, पम्मी पांडे, चंदगी राम, सविता, डॉ. वीपी सिंह सेंगर, अविनाश सिंह, दिलीप दुबे, प्रमोद शर्मा, टिल्लू भैया, अंशुल गुप्ता, शेखर ठाकुर और हिमांशु प्रताप सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।








