तालग्राम। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मदरसा अरबिया फैजूल उलूम तालग्राम की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रैली में मदरसा के चेयरमैन मोहसिन खान और प्रधानाचार्य शाहनवाज खान के साथ शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहे। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने विद्यालय परिसर से नगर भ्रमण करते हुए शहीद स्मारक तक यात्रा निकाली। इस दौरान लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के साथ स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सभी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का संकल्प लिया।







