कन्नौज। समाजवादी पार्टी कार्यालय कन्नौज में महान योद्धा एवं राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती जिला अध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज साहस, शौर्य, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के प्रतीक थे। उनके आदर्श आज भी युवाओं को देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष कर आदर्श शासन व्यवस्था की स्थापना की, जो आज भी प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता जय कुमार तिवारी (बउअन) ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन एवं संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया तथा समाज में भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हसीब हसन, कल्लू पाल, विवेक पाल, शिब्बू तिवारी, अनुराग यादव सहित अनेक समाजवादी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







