कन्नौज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री सुशील कुमार सिन्हा ने पदाधिकारियों और शिक्षकों से निजी विद्यालयों की समस्याओं और शिक्षकों के हक की लड़ाई में एकजुट होकर शामिल होने का आह्वान किया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से मैनपुरी जाते समय उन्होंने कट के निकट स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित किया।
संगठन मंत्री सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में करीब एक लाख 25 हजार वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और लाखों कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मांग शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष रखी जा रही है।
उन्होंने मांग की कि सरकारी विद्यालयों की तर्ज पर निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी सरकारी सुविधाओं का लाभ दिया जाए। साथ ही, विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के भरण-पोषण के लिए प्रति छात्र 2,200 रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई।
सिन्हा ने कहा कि संगठन कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों और निजी विद्यालयों से जुड़े कर्मचारियों के हितों को लेकर संघर्ष करेगा। उन्होंने आगामी चुनावों के संदर्भ में कहा कि जो राजनीतिक दल खुले मंच से निजी विद्यालयों की इन मांगों को पूरा करने की घोषणा करेगा, संगठन उसके समर्थन पर विचार करेगा।
जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही जिला कमेटी के साथ-साथ ब्लॉक स्तर तक पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कर्मठ लोगों से संगठन के इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित जिला समिति के पदाधिकारियों ने प्रांतीय संगठन मंत्री सुशील कुमार सिन्हा का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार मिश्र, शिवराज सिंह सेंगर, योगेंद्र सिंह यादव, मोहम्मद शाजिद खान, विश्वनाथ सिंह, भीखम सिंह, शैलेश कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग मौजूद रहे।





