फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर नौखंडा में कुत्ते को डंडा मारने को लेकर हुआ विवाद एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद गंभीर हो गया। 30 वर्षीय संदीप की मौत के बाद परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर फतेहगढ़ कोतवाली के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया।
परिजनों के अनुसार, करीब दो दिन पहले संदीप टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक कुत्ता उन पर भौंकते हुए काटने के लिए दौड़ा। बचाव में संदीप ने लकड़ी से कुत्ते को मार दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसियों से उनका विवाद हो गया और उनके साथ मारपीट की गई।
परिजन संदीप को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया।
शनिवार को हुए पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका। इसके बाद चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस में छोड़कर फतेहगढ़ कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे।
कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने कोतवाली के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक जाम के चलते आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन जाम खोलने के लिए राजी हुए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के परिणाम आने के बाद ही संदीप की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






