कन्नौज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कन्नौज पहुंचकर मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश और देश के कई अहम मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने मंदिर चोरी की घटना से लेकर एसआईटी जांच, महंगाई, योग दिवस, एनकाउंटर, नीट परीक्षा और संभावित निकाय चुनाव तक विभिन्न विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंदिर में हुई चोरी की घटना पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद है और इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम के प्रति देशवासियों की आस्था और श्रद्धा की किसी से तुलना नहीं की जा सकती।
मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी पर उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज गायब होने की खबरें सामने आ रही हैं और अधिकारियों द्वारा सनातन धर्म के पुजारियों से पूछताछ किए जाने की भी चर्चा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि उसे धर्म से ज्यादा धन की चिंता है और उम्मीद जताई कि जांच में सच्चाई सामने आएगी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि लोगों को प्रतिदिन योग करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा योग से भी राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
महंगाई के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक जनता संकट झेलती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के हटने से संकट भी समाप्त होगा।
नवंबर में संभावित चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का मन टटोलने और अपनी सर्वे टीम के जरिए चुनावी संभावनाएं जानने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नवंबर में चुनाव कराकर 50 से अधिक सीटें जीत पाएगी।
हाल ही में कैलाश राजपूत को मंत्री बनाए जाने पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “सुना है नए मंत्री बने हैं और मंत्री बनते ही बिजली गायब हो गई।”
नीट परीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग चार लाख छात्र प्रभावित हुए हैं और सरकार को उनकी चिंता करनी चाहिए।
एनकाउंटर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एनकाउंटर की राजनीति के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यायालय, जांच एजेंसियों और संस्थाओं पर भरोसा किया जाना चाहिए तथा पुलिस व्यवस्था को मजबूत और संसाधनयुक्त बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के कारण पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार भी बढ़ा है।
‘काकरोच जनता पार्टी’ संबंधी सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी भाजपा के खिलाफ है और उसे हराने के लिए काम कर रहा है, समाजवादी पार्टी उसका समर्थन करेगी।







