Murder in Meerut: मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। मजीदनगर तिराहे पर 30 वर्षीय असलम को अज्ञात हमलावर ने सरेराह सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना नजदीकी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मृतक असलम शादियों में खाना बनाने का काम करता था। उसकी पत्नी फरीदा ने आरोप लगाया है कि सगे भाई शहंशाह ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे असलम मोबाइल देखते हुए सड़क पर जा रहा था, तभी बाइक पर आए दो बदमाशों में से एक ने पीछे से आकर उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। साथी बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा और वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल असलम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि करीब एक साल पहले भी असलम पर जानलेवा हमला हो चुका था, जिसमें वह बाल-बाल बचा था।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर परिजनों पर शक है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।












