हसेरन। क्षेत्र में गणेश महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। कस्बे सहित आसपास के विभिन्न गांवों में जगह-जगह भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। गणेश दरबारों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूजा-अर्चना, आरती और गणपति के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है।
हसेरन कस्बे में कई स्थानों पर गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु भगवान गणेश से जीवन के सभी कार्य निर्विघ्न रूप से संपन्न होने, परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आने तथा सभी के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं।
नादेमऊ कस्बे में सुभाष इंटर कॉलेज के पास गणेश जी की प्रतिमा को भव्य तरीके से सजाया गया है। महोत्सव के अवसर पर कस्बे में प्रभात फेरी भी निकाली गई। भक्त गणेश जी के भजनों का गुणगान करते हुए करतल ध्वनि के साथ मंदिर स्थल तक पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इसके अलावा मढ़पुरा, अर्जुनपुर, तिहुला, राजपुर सहित क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी गणेश महोत्सव का आयोजन शुरू किया गया है। विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती का क्रम जारी है।
श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से आने वाला समय मंगलमय होने, परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि आने और सभी के जीवन में खुशहाली की प्रार्थना की।









