हसेरन, कन्नौज। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसेरन की ओर से राहगीरों के लिए शरबत एवं बूंदी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिधूना रोड स्थित मुख्य तिराहे पर लगाए गए शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा प्रभारी डॉ. जगदीश निर्मल के नेतृत्व में किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई, वहीं दूसरे स्टॉल पर बूंदी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं और राहगीरों ने भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगदीश निर्मल ने कहा कि बड़े मंगल का दिन सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। ऐसे धार्मिक एवं सेवा भाव से जुड़े आयोजनों में सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर वर्ष इस प्रकार का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में श्यामा राजपूत, कुमुदिनी, डॉ. आरती सिंह, शीलू यादव, संतराम, गोरेलाल राजपूत, पुष्पेंद्र सिंह, अमन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












