Kohrra 2 Trailer Out: चर्चित क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज ‘कोहरा’ अपने दूसरे सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। इस बार कहानी और भी ज्यादा गहरी, डार्क और रहस्यमयी होने वाली है। अभिनेता बरुण सोबती के साथ अब मोना सिंह भी सीरीज का अहम हिस्सा होंगी। दोनों कलाकार मिलकर एक खतरनाक और उलझे हुए अपराध की परतें खोलते नजर आएंगे।
मेकर्स ने हाल ही में ‘कोहरा 2’ का ट्रेलर रिलीज किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। सीरीज का निर्देशन सुदीप शर्मा और फैसल रहमान ने किया है।
रहस्य, अपराध और सस्पेंस से भरपूर ट्रेलर
करीब 2 मिनट 3 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत एक युवती की रहस्यमयी मौत से होती है। इस बार कहानी पंजाब के एक छोटे शहर में सेट की गई है, जहां अपराध की जटिल गुत्थियों को सुलझाने के लिए कमांडिंग ऑफिसर धनवंत कौर (मोना सिंह) की तैनाती की जाती है।
उनके साथ सहायक सब-इंस्पेक्टर अमरपाल गरुंडी (बरुण सोबती) जांच में जुटते हैं। ट्रेलर में दोनों के बीच की केमिस्ट्री, केस की गंभीरता और लगातार बढ़ता सस्पेंस दर्शकों को कहानी से जोड़े रखने का संकेत देता है। हर सीन में रहस्य और खतरे का अहसास साफ झलकता है।
11 फरवरी को होगी रिलीज
‘कोहरा 2’ का प्रीमियर 11 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। पहले सीजन को मिली जबरदस्त सराहना के बाद, मेकर्स को दूसरे सीजन से भी काफी उम्मीदें हैं। खास तौर पर बरुण सोबती और मोना सिंह की नई जोड़ी और कहानी की गहराई इस सीजन को खास बनाती है।
अगर आप क्राइम, थ्रिल और सस्पेंस से भरपूर कहानियों के शौकीन हैं, तो ‘कोहरा 2’ फरवरी महीने की आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल होने वाली है।










