जागरण प्रतिनिधि, कन्नौज। हसेरन क्षेत्र के ग्राम बिलंदपुर में मंगलवार रात कच्ची दीवार अचानक गिरने से उसके पास बंधे मवेशी मलबे में दब गए। हादसे में एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मवेशियों को मलबे से बाहर निकाला।

गांव निवासी शैलेन्द्र सिंह पुत्र बृजपाल सिंह के मवेशी घर के दरवाजे पर बने फूस के बंगले में बंधे हुए थे। देर रात पड़ोसी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा पास में बंधी दो भैंसों और एक पड़िया के ऊपर जा गिरा।
हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के प्रयास से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि वह स्वयं भी जर्जर मकान में रहने को मजबूर है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पीड़ित शैलेन्द्र सिंह ने प्रशासन से आवास उपलब्ध कराने और आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित आशियाना मिल सके।








