कन्नौज। श्रावण मास के पहले सोमवार पर कन्नौज के महादेवी घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही हजारों श्रद्धालु पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद गंगाजल लेकर पैदल बाबा गौरीशंकर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
देर रात से ही महादेवी घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। मंदिर परिसर और जलाभिषेक मार्ग पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसडीएम सदर तथा क्षेत्राधिकारी शिल्पा वर्मा ने लगातार महादेवी घाट से बाबा गौरीशंकर महादेव मंदिर तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बाबा गौरीशंकर महादेव धाम में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्रशासन की ओर से किए गए व्यापक इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक किए।










