मौसम क्रिकेट वायरल न्यूज़ स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल विज्ञान आध्यात्मिक अन्य

सौरिख में पुलिस मुठभेड़ पर उठे सवाल: पोक्सो एक्ट के आरोपी के पिता ने लगाया फर्जी एनकाउंटर का आरोप

On: September 3, 2026 7:50 PM
Follow Us:

पुलिस का दावा—जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, तमंचा और कारतूस बरामद

सौरिख/कन्नौज। पुलिस अभिरक्षा से फरार पोक्सो एक्ट के वांछित आरोपी अंकुल पुत्र पन्नालाल जाटव को सौरिख पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पानी की टंकी के पास घेराबंदी का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंकुल ग्राम दानपुर स्थित पानी की टंकी के पास मौजूद है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख अंकुल ने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में थाना सौरिख प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र सिंह चौधरी सहित सौरिख पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम शामिल रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

30 अगस्त को पुलिस अभिरक्षा से हुआ था फरार

पुलिस के मुताबिक, अंकुल के खिलाफ सौरिख थाने में पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। 30 अगस्त को न्यायालय कन्नौज में पेशी के बाद रिमांड की कार्रवाई पूरी होने पर उसे अंगूठा छाप कार्यालय ले जाया गया था। इसी दौरान शौच जाने के बहाने वह पुलिसकर्मी को चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस संबंध में कोतवाली कन्नौज में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

पिता ने पुलिस के दावे को बताया ‘फर्जी एनकाउंटर’

वहीं, मुठभेड़ के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। आरोपी के पिता पन्नालाल ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर बताया है। उनका आरोप है कि उन्हें पहले से ही आशंका थी कि उनके बेटे का पुलिस द्वारा फर्जी एनकाउंटर किया जा सकता है और आखिरकार वही हुआ।

पन्नालाल का कहना है कि उनके बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमा भी दबाव में कराया गया था। उनके अनुसार, पहले उन्होंने राहुल और रोहित निवासी खरगपुर के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इसी मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था और चौकी प्रभारी देवी सहाय वर्मा के स्तर से उनके बेटे के खिलाफ छेड़छाड़ का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया।

पिता का आरोप—पहले जताई थी आशंका, अब जांच की मांग

पन्नालाल के मुताबिक, 24 अगस्त को पुलिस ने उनके घर दबिश दी थी। इसके बाद उन्होंने 27 अगस्त को पुलिस के दबाव में अपने बेटे को उसकी ससुराल तिसती गोपालपुर, थाना रसूलाबाद से पकड़वाया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि 30 अगस्त को चौकी प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाया, लेकिन वहां उनके साथ कथित रूप से अभद्रता की गई और उन्हें वापस भेज दिया गया। गुरुवार को उन्हें जानकारी मिली कि उनके बेटे का दानपुर पानी की टंकी के पास एनकाउंटर कर दिया गया।

पन्नालाल ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच से सच्चाई सामने आनी चाहिए। उनका दावा है कि आसपास के ग्रामीण भी पुलिस की मुठभेड़ की कहानी पर सवाल उठा रहे हैं और घटना की वास्तविकता बताने के लिए तैयार हैं।

मुठभेड़ की जांच से साफ होगी सच्चाई

एक ओर पुलिस मुठभेड़ को कार्रवाई के दौरान हुई जवाबी फायरिंग बता रही है, वहीं आरोपी के पिता ने इसे सुनियोजित फर्जी एनकाउंटर करार दिया है। ऐसे में घटना को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुठभेड़ की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच से ही आरोपों और पुलिस के दावों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

देवेंद्र कुमार सिंह

देवेंद्र कुमार सिंह KN Live24 में ब्यूरो चीफ कन्नौज के रूप में कार्यरत है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment