मौसम क्रिकेट वायरल न्यूज़ स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल विज्ञान आध्यात्मिक अन्य

एक हफ्ते का सस्पेंस खत्म! शिवम भदौरिया के नाम पर लगी मुहर, बने हसेरन रामलीला कमेटी के अध्यक्ष

On: September 13, 2026 10:53 AM
Follow Us:

हसेरन: हसेरन की रामलीला कमेटी में पिछले करीब एक सप्ताह से अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा असमंजस आखिरकार समाप्त हो गया। कमेटी के संरक्षक सुशील दुबे के प्रभावी हस्तक्षेप और रामलीला के प्रति उनके समर्पण के चलते आपसी सहमति बन गई। बैठक में सर्वसम्मति से शिवम भदौरिया को वर्ष 2026 के लिए रामलीला कमेटी का अध्यक्ष चुना गया।

रामलीला कमेटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर गुप्ता लगातार दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 में शिवम भदौरिया ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इस वर्ष दोनों ही अध्यक्ष पद के लिए दावेदार थे, जिसके चलते कमेटी में सहमति नहीं बन पा रही थी।

काफी विचार-विमर्श और प्रबुद्ध लोगों के प्रयास के बाद पूर्व अध्यक्ष महावीर गुप्ता ने शिवम भदौरिया के नाम पर सहमति जताते हुए मौजूद लोगों के बीच उनके नाम की घोषणा की। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से शिवम भदौरिया को वर्ष 2026 के लिए अध्यक्ष चुने जाने के निर्णय को स्वीकार कर लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही रामलीला कमेटी का गठन कर उसकी पूरी कार्यकारिणी कमेटी के संरक्षक सुशील दुबे को उपलब्ध कराई जाएगी।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद शिवम भदौरिया ने पूर्व अध्यक्ष महावीर गुप्ता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस भावुक क्षण में महावीर गुप्ता ने शिवम को गले लगाकर आशीर्वाद दिया और रामलीला आयोजन में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के दौरान मौजूद लोगों की ओर से दिए गए विभिन्न सुझावों को भी कार्यवाही में दर्ज किया गया। अंत में कमेटी के संरक्षक सुशील दुबे ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और आपसी सहयोग से रामलीला आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

इस मौके पर सतीश गुप्ता, पूर्व प्रधान शिव कुमार गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य जौली, राहुल दुबे, सुमित कुमार मिश्र, रामपाल, राहुल चौहान, विजय रावत, श्रेयांश, जानू अवस्थी, रवेंद्र सिंह, नौशाद अली, नाजिमी, अरमान भाई, मुन्नालाल रावत सहित कई लोग मौजूद रहे।

देवेंद्र कुमार सिंह

देवेंद्र कुमार सिंह KN Live24 में ब्यूरो चीफ कन्नौज के रूप में कार्यरत है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment