देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने शुरू की तलाश, सचिवालय के कमरे में मिला शव
कन्नौज। विकास खंड हसेरन की ग्राम पंचायत राजपुर में सोमवार रात एक दुखद घटना सामने आई। ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत 22 वर्षीय युवक का शव ग्राम सचिवालय के एक कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार राजपुर निवासी रामनारायण कठेरिया का बड़ा बेटा वीपी सिंह (22) ग्राम पंचायत राजपुर में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत था। सोमवार रात करीब 10 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन ग्राम सचिवालय पहुंचे, जहां एक कमरे में युवक का शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। रातभर गांव में शोक का माहौल बना रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
मंगलवार सुबह जानकारी मिलने पर खड़िनी चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मौके से मिला पत्र
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक पत्र भी बरामद हुआ है, जिसे फॉरेंसिक टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। पत्र में क्या लिखा है और घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी सौरिख नागेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






