कन्नौज। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बहेरिन, कन्नौज में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों व उत्पादों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन एमआईएस मैनेजर मुकेश श्रीवास्तव ने किया। जिला समन्वयक एवं नोडल प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। रोजगार मेले उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
रोजगार मेले में राजकीय एवं निजी आईटीआई तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित 529 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। साक्षात्कार के लिए पहुंची 9 प्रतिष्ठित कंपनियों ने कुल 137 अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग एवं स्व-रोजगार अधिकारी राजकुमार लोधी ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में जिला रोजगार सहायता अधिकारी अपूर्वा दुबे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में तिर्वा आईटीआई के प्रधानाचार्य अनूप श्रीवास्तव, डीपीएम शशिकांत मिश्र, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के समस्त अनुदेशक, कौशल विकास मिशन का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।





