हसेरन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हसेरन विकासखंड परिसर स्थित शिव मंदिर में गुरुवार को हवन-पूजन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
हवन कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का मंत्रोच्चारण करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं निरोगी जीवन की प्रार्थना की। पूजा के बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां भी वितरित की गईं।

इसके बाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसेरन पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश निर्मल के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन को उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल खटीक, पूर्व प्रधान राजेश शाक्य, राघव सिंह, विक्कू पटेल और टिंकू वर्मा समेत कई क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हुए।






