हसेरन (कन्नौज)। संविधान दिवस के अवसर पर हसेरन विकासखंड क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजनीतिक संगठनों, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और संवैधानिक आदर्शों को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
खंड विकास अधिकारी राम सिंह ने ब्लॉक कार्यालय में कर्मचारियों के साथ संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल्यों का पालन करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर एडीओ पंचायत अतुल कुमार मिश्र, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राज बहादुर राजपूत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
उच्चीकृत स्वास्थ्य केंद्र हसेरन में डॉक्टर जगदीश निर्मल ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं डाल चंद्र इंटर कॉलेज लुखरिया में प्रधानाचार्य डॉ. अंकित यादव, भारतीय जनता इंटर कॉलेज पट्टी में प्रधानाचार्य रमेश चंद्र राजपूत तथा सत्यदेव आनंद इंटर कॉलेज हसेरन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिकिशन यादव की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
प्रखर एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल हसेरन में प्रधानाचार्य अनुपम कुमार सिंह ने बाबा साहब को नमन करते हुए संविधान के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। महावीर विद्यालय जलालपुर में उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कुंवर देवेंद्र सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की।
नादेमऊ स्थित एसबीएस मेमोरियल विद्यालय में प्रधानाचार्य संजू रानी बैस ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने और संवैधानिक सिद्धांतों का पालन करने पर जोर दिया। वहीं प्राथमिक विद्यालय राजपुर में प्रधानाध्यापक सत्यप्रकाश तथा निजामपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों ने कार्यक्रम आयोजित कर संविधान के प्रति सम्मान का संकल्प दिलाया।
इसके अलावा ग्राम प्रधान हसेरन सीताराम चंद्र शाक्य, हुसैन नगर के प्रधान प्रतिनिधि चक्रधर सिंह भदौरिया, कंसुआ ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार शाक्य और सकतपुर प्रधान विवेक दुबे सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम आयोजित किए।
पूरे क्षेत्र में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।







