शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं; चार बहनों के इकलौते भाई सतेंद्र कुमार राजपूत की करंट लगने से मौत, पूरे गांव की आंखें हुईं नम
फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम झसी के मजरा नगला चाहर में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने शादी वाले घर की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां रातभर चीख-पुकार और सिसकियों का माहौल रहा। घर के बाहर चल रहे डीजे को बारिश के कारण अंदर रखकर चालू करने के दौरान 24 वर्षीय सतेंद्र कुमार राजपूत, पुत्र आनंद कुमार, करंट की चपेट में आ गए। उन्हें गंभीर हालत में डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार आनंद कुमार की पुत्री सोनम की शादी मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के मेरापुर गुजराती निवासी तेज सिंह के साथ तय थी। सोमवार को बारात आनी थी और घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रविवार रात करीब 12 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। इससे घर के बाहर रखा डीजे भीगने लगा। डीजे को सुरक्षित रखने के लिए सतेंद्र उसे घर के अंदर ले आए और दोबारा चालू करने के लिए बिजली का तार जोड़ने लगे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रात में ही दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दूल्हे पक्ष के लोग सोमवार सुबह गांव पहुंच गए और शोक संवेदना व्यक्त की।
दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से बेटी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पहले शादी की रस्में पूरी कराने का निर्णय लिया। गमगीन माहौल में सोनम और तेज सिंह ने औपचारिक रूप से सात फेरे लिए। शादी की रस्म पूरी होने के बाद लगभग दो घंटे पश्चात सतेंद्र कुमार राजपूत की अंतिम यात्रा निकाली गई और उनका अंतिम संस्कार पांचाल घाट पर किया गया।
सतेंद्र चार बहनों के इकलौते भाई थे। परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा उनके कंधों पर था। उनकी असमय मौत से पिता आनंद कुमार, मां उर्मिला, चारों बहनों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है। जिस आंगन में शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां मातम पसरा हुआ है। एक ही दिन में शादी की रस्में और इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार होने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
उधर, थाना जहानगंज की प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने बताया कि घटना के संबंध में थाने को कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।








