दिल्ली NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार तड़के से लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। लाजपत नगर, आर.के. पुरम, लोधी रोड और दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर समेत कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई।
स्वतंत्रता दिवस पर भी बरसेंगे बादल
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल राजधानी में स्वतंत्रता दिवस बारिश की फुहारों के बीच मनाया जाएगा। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान अधिकतम लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हफ्तेभर जारी रह सकती है हल्की बारिश
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार से अगले एक सप्ताह तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। बुधवार को सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का मौसम देखने को मिला, लेकिन गर्मी से राहत सीमित रही। उस दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।
जन्माष्टमी पर भी बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने बताया कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी के मौके पर भी बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय हल्की बारिश हो सकती है।













