Indepencence Day Metro rail Schedule: स्वतंत्रता दिवस 2025 के मौके पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने परिचालन समय में बदलाव किया है। 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व होने के कारण, विशेष अतिथियों, आमंत्रित लोगों और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो अपनी सभी लाइनों पर सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू करेगी।
पहली ट्रेन सुबह 4 बजे से:
DMRC ने जानकारी दी है कि 15 अगस्त को सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो की पहली ट्रेन सुबह 4 बजे चलेगी। सुबह 6 बजे तक मेट्रो हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी। इसके बाद दिनभर सामान्य टाइम टेबल के अनुसार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
विशेष क्यूआर टिकट्स:
जो लोग रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी निमंत्रण पत्र के जरिए स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हो रहे हैं, वे DMRC द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष क्यूआर टिकट्स का उपयोग कर समारोह स्थल तक यात्रा कर सकते हैं।
लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन समारोह स्थल के सबसे नजदीकी स्टेशन हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी:
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो और IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशन पहुंचें, क्योंकि सुरक्षा जांच में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।
केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभागों ने संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था। इसके बाद मेट्रो स्टेशनों और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है, जिससे प्रवेश द्वारों पर भीड़ और समय लगने की संभावना है।













