Huma Qureshi Brother Murder : दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की एक मामूली पार्किंग विवाद में हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है, जब घर के बाहर स्कूटर पार्क करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आसिफ कुरैशी ने कुछ लोगों से आग्रह किया था कि वे उनके घर के गेट के सामने स्कूटर न खड़ा करें, ताकि रास्ता न रुके। लेकिन इसी बात पर बहस शुरू हो गई। इस दौरान आरोपियों ने किसी नुकीली चीज से आसिफ पर हमला कर दिया। वह बुरी तरह घायल हो गए और काफी खून बह गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
परिजन घायल अवस्था में आसिफ को तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी ने बताई पूरी घटना
मृतक की पत्नी ने बताया कि रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच पड़ोस के एक युवक ने उनके घर के गेट के सामने स्कूटी खड़ी कर दी थी। आसिफ ने उसे थोड़ा आगे पार्क करने के लिए कहा, लेकिन युवक ने उल्टा गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकी दी कि अभी सबक सिखाता हूं।
कुछ देर बाद वह युवक अपने भाई के साथ नीचे आया और नुकीली चीज से आसिफ के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।













