फर्रुखाबाद। जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के चिल्सरी गांव में रविवार को एक युवक का शव बाग में पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पहले ईंटों से हमला कर हत्या की गई और उसके बाद गमछे से गला कसकर शव को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) कायमगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।







