Welfare Schemes Outreach Camp: भारतीय जनता पार्टी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ब्लॉक परिसर में विभिन्न स्टाल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी आम लोगों को दी गई।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ब्लॉक के आला अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के तहत स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। नवरात्र के पावन अवसर पर शिक्षक चक्रधर सिंह भदौरिया ने देवी गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने कहा कि 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो रही है और शिक्षक घर-घर जाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
स्वयं सहायता समूह की सदस्य खुशबू पटेल ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने का सराहनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने सामूहिक विवाह योजना, कन्या धन योजना सहित अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राम सिंह यादव, एडीओ पंचायत अतुल कुमार मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य, भाजपा जिला महामंत्री शैलेंद्र द्विवेदी, एनआरएलएम वीरेंद्र सिंह, आईटी सेल संयोजक हिमांशु सक्सेना, महिला मोर्चा की सुमन शाक्य सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।








