फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को कथित तौर पर एक युवक ने जबरन बातचीत करने के दबाव में आकर मारपीट की और फिर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने अद्भुत साहस दिखाते हुए खुद स्कूटी चलाकर डॉक्टर के पास पहुंचने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर के पास जाते समय हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता (काल्पनिक नाम सीता) अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए फर्रुखाबाद शहर में रह रही थी, जबकि उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है। 6 अगस्त को वह अपने पिता के घर आई थी और किसी तकलीफ के कारण डॉक्टर के पास जा रही थी। रास्ते में उसका सामना दीपक नामक युवक से हुआ। बताया जा रहा है कि दीपक लगातार महिला पर जबरन बातचीत और मिलने का दबाव बना रहा था।
अधजली महिला स्कूटी चलाकर खुद डॉक्टर के पास पहुंची
इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आरोपी दीपक ने महिला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला किसी तरह खुद को संभालते हुए स्कूटी चलाकर अपने फैमिली डॉक्टर तक पहुंची। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
मौत से पहले बताई आपबीती
इलाज के दौरान पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि दीपक पिछले दो महीनों से उसे परेशान कर रहा था और छोड़ना नहीं चाहता था। उसने साफ कहा कि पेट्रोल डालकर उसे जलाने वाला दीपक ही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।












