कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर के पास गाजियाबाद-कानपुर ग्रीन हाईवे पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा को सामने से आ रही एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार निजी स्कूल की चार शिक्षिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम तेराजाकेट स्थित एक प्राइवेट स्कूल से चार टीचरों को लेकर ई-रिक्शा चालक विनोद कुशवाहा (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी ग्राम जुनेदपुर, गुरसहायगंज की ओर जा रहा था। इस्माइलपुर पर यात्रियों को उतारने के लिए वह गलत दिशा से हाईवे पर आ गया। तभी तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सामने से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में चालक विनोद कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल शिक्षिकाओं की पहचान मुस्कान राजपूत (किदवई नगर), कशिश गुप्ता (सुभाष नगर), पल्लवी (रामगंज) और संजू (पत्नी अमित, मोहल्ला अफसरी) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही सराय प्रयाग चौकी प्रभारी अवनीश कुमार पुलिस बल और हाईवे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पहले 100 सैया अस्पताल छिबरामऊ ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।











