Bihar CM Nitish Kumar: बिहार सरकार ने राज्य के किसान सलाहकारों को एक बड़ी राहत दी है। लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे सलाहकारों की सुनते हुए नीतीश सरकार ने उनका मासिक मानदेय 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 21 हजार रुपये कर दिया है। सरकार के इस फैसले से प्रखंड स्तर के किसान सलाहकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रखंड के किसान सलाहकार आदित्य कुमार, मायाशंकर सिंह, कुमार गणेश, संजीव कुमार राय, सुधीर कुमार, धीरेन्द्र कुमार, विनोद कुमार और ब्रजनंदन कुमार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और वे पहले से ज्यादा उत्साह के साथ किसानों की सेवा कर सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कृषि मंत्री के प्रति आभार जताया और कहा कि किसान सलाहकार योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।

मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा: शुरू हुआ ‘जीरो ऑफिस डे’
इधर, कृषि विभाग ने मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब हर सप्ताह एक दिन ‘जीरो ऑफिस डे’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें कृषि अधिकारी अपने कार्यालयों से बाहर निकलकर सीधे खेतों और गांवों में जाकर किसानों से संवाद करेंगे।
बुधवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी केदार राय ने भेलवा और सत्तर पंचायत का दौरा किया। उन्होंने किसानों द्वारा बोई गई मरुआ फसल (25-25 एकड़ क्षेत्रफल में) का निरीक्षण किया और वितरित बीज व अन्य सामग्री की जांच की। मौके पर उन्होंने किसानों को मोटे अनाज की खेती के लाभों के बारे में बताया और उन्हें इसके लिए प्रेरित किया।
क्या है ‘जीरो ऑफिस डे’?
‘जीरो ऑफिस डे’ का उद्देश्य है कि अधिकारी कागज़ी कामकाज से इतर सीधे खेतों में जाकर किसानों की समस्याएं समझें और कृषि योजनाओं की जमीनी सच्चाई से रूबरू हों। यह पहल न केवल अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ाएगी, बल्कि किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर कृषि क्षेत्र में प्रभावी सुधार की दिशा में सहायक सिद्ध होगी।









