Uttar Pradesh Bus Travel : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को खास सौगात दी है। शुक्रवार, 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से लेकर रविवार, 10 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रदेश में रोडवेज की सभी श्रेणियों की बसों—एसी और नॉन-एसी—में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इतना ही नहीं, उनके साथ एक सहयात्री का भी किराया माफ किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की इस योजना का लाभ प्रदेशभर की सभी रोडवेज बसों में मिलेगा। त्योहार के कारण यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने 986 अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया है, जबकि 50 बसों को रिजर्व में रखा गया है। संचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चालकों और परिचालकों की छुट्टियां 12 अगस्त तक रद्द कर दी गई हैं।
यात्रियों की सहायता के लिए विशेष प्रबंध
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसके अलावा एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसका संपर्क नंबर 8726005808 है। यात्री इस नंबर पर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक कॉल कर सकते हैं।
बस स्टेशनों पर तीन शिफ्टों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और दो प्रवर्तन वाहन निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं—एक अवध बस स्टेशन पर और दूसरा लखनऊ-रायबरेली व लखनऊ-कानपुर मार्ग पर पेट्रोलिंग करेगा।
सफाई और जांच व्यवस्था भी सख्त
बसों की सफाई और तकनीकी जांच को लेकर भी परिवहन निगम ने सख्त प्रबंध किए हैं। सभी बसों की 13 बिंदुओं पर जांच की जा रही है, विशेषकर वे बसें जो 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करती हैं।
प्रमुख शहरों में महिला यात्रियों की सहूलियत के लिए पिकअप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं और वहां निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे। सभी चालक और परिचालक वर्दी में रहेंगे और यात्रियों के साथ मृदु व्यवहार सुनिश्चित करेंगे। विशेष रूप से बुजुर्गों को चढ़ने-उतरने में सहायता दी जाएगी। नशा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ट्रेनों में भारी भीड़, बसें बनीं सहारा
रक्षाबंधन के कारण दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों से उत्तर प्रदेश आने वाली अधिकांश ट्रेनें पहले से ही फुल हैं। लखनऊ से पूर्वांचल और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट खत्म हो गई है। इस स्थिति में बसें ही यात्रियों का एकमात्र सहारा बनी हुई हैं। रेलवे प्रशासन ने भी स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।











