समधन। नगर पंचायत समधन के आजाद नगर वार्ड में बदहाल सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। गलियों में जगह-जगह गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बजबजाती नालियों से निकल रही दुर्गंध के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। बारिश या घरों से निकलने वाला पानी गलियों में जमा हो जाता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। नागरिकों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है और शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
वार्ड की स्थिति को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष आसमा बेगम की कार्यशैली पर भी नागरिकों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब नगर पंचायत के एक वार्ड में ही सफाई और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है, तो अन्य वार्डों की व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं, स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावों के बीच आजाद नगर की जमीनी तस्वीर सवाल खड़े कर रही है। नागरिकों का कहना है कि सिर्फ कागजी कार्रवाई और अभियानों से स्वच्छता सुनिश्चित नहीं होगी, बल्कि नियमित सफाई और प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था भी जरूरी है।
वार्डवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थलीय निरीक्षण, नालियों की सफाई, जलभराव समाप्त कराने और नियमित सफाई व्यवस्था लागू कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत प्रशासन आजाद नगर की समस्या का स्थायी समाधान कराएगा, या फिर नागरिक गंदगी और कीचड़ के बीच ही परेशान होते रहेंगे?






