कन्नौज: शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को पुष्प एवं पेन भेंट कर श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। विद्यालयों में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।
महावीर विद्यालय जलालपुर में प्रधानाचार्य देवेन्द्र सिंह ने विद्यालय के स्टाफ सदस्यों को माल्यार्पण कर उपहार भेंट किए और सम्मानित किया। वहीं ममता देवी विद्यालय फूलपुर में प्रबंधक एवं पूर्व प्रधान सुरेश चंद्र त्रिपाठी ने शिक्षकों को सम्मानित किया।

सुभाष इंटर कॉलेज नादेमऊ में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा नादेमऊ के शाखा प्रबंधक उमंग तिवारी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। शाखा प्रबंधक ने आश्वस्त किया कि विद्यालय को बैंक से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी तथा विद्यालय और छात्र-छात्राओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक विनय कुमार द्विवेदी ने शाखा प्रबंधक उमंग तिवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णपाल शास्त्री ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षक अरविंद सिंह चौहान सहित समस्त स्टाफ ने भी डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुनील कुमार गौतम ने किया। इसके अलावा प्रखर एकेडमी, भारतीय जनता इंटर कॉलेज पट्टी, डालचंद्र इंटर कॉलेज लुखरिया, सत्यदेव आनंद इंटर कॉलेज हसेरन सहित क्षेत्र के तमाम शिक्षण संस्थानों में शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।








