कन्नौज। जश्ने ईद-ए-मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर हसेरन क्षेत्र में धार्मिक आयोजन किए गए। इस दौरान मस्जिदों में इबादत, कुरान की तिलावत और धार्मिक सभाओं का आयोजन कर पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को याद किया गया। लोगों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
हसेरन क्षेत्र की जामा मस्जिद सकतपुर में हसेरन, गढ़े का पुरवा, सरगौली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मस्जिद के पेशइमाम शान मोहम्मद ने बताया कि बारह वफात के मौके पर पैगंबर साहब की शिक्षाओं को याद किया जाता है। जरूरतमंदों और गरीबों को खाना खिलाकर इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया जाता है।
वयोवृद्ध मोहम्मद इकराम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त बुराइयों और अत्याचार के खिलाफ मानवता, समानता और इंसाफ का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य भी पहुंचे और लोगों से गले मिलकर पर्व की हार्दिक बधाई दी। वहीं पुलिस चौकी हसेरन का पुलिस स्टाफ पूरे समय मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
इस अवसर पर रशीद भाई, मोहम्मद असलम, इस्तकबाल हुसैन, शकील भाई सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसी तरह नादेमऊ की मस्जिद में भी बारह वफात के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ईद मिलादुन्नबी पर नादेमऊ में निकला भव्य जुलूस
नादेमऊ। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को नादेमऊ कस्बे में अकीदत और उत्साह के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस नादेमऊ स्थित मस्जिद से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए ग्रामीण बैंक पहुंचा। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर ईद मिलादुन्नबी की खुशी मनाई।
जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने ‘सरकार की आमद मरहबा’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इससे पूरे कस्बे का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस में हिस्सा लिया और एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं।
जुलूस में असलम, नूरे हसन, मोहम्मद साहिब, आलम, आरिफ अली, अली मोहम्मद, विवेक, राजा खां, सोहिल, मोहम्मद सनी, मुन्ना टेलर, समीर अली और पप्पू टेलर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी देवी सहाय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात और शांति व्यवस्था पर भी नजर रखी।
पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। ग्रामीण बैंक पहुंचने के बाद जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







