कन्नौज। कन्नौज पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से धोखाधड़ी कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना तालग्राम पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि 9 जुलाई को थाना तालग्राम क्षेत्र के अमोलर स्थित पटेल ज्वैलर्स पर ग्राहक बनकर आए आरोपी दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हरदोई निवासी रिंकी उर्फ पिंकी, छुन्ना देवी, ऊषा तथा बोलेरो चालक सिराज शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के टॉप्स, डबल पेंडल, कुण्डल, चांदी की तोड़िया, घटना में प्रयुक्त बोलेरो, तीन मोबाइल फोन और 5,020 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में संगठित अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





