Uttar Pradesh : कायस्थ शक्ति मोर्चा (KSM) की ओर से शनिवार को स्वामी विवेकानंद के पुनर्वासन दिवस के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा स्थित एआरके ग्रुप परिसर में श्रद्धांजलि सभा और विचार-संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों को समाज, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश देना था।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों और युवाओं के लिए दिए गए प्रेरक संदेशों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का व्यक्तित्व आज भी नई पीढ़ी को आत्मविश्वास, सेवा और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाता है।

राष्ट्रीय मंत्री एवं संचार प्रभारी ब्रज श्रीवास्तव ने स्वामी विवेकानंद की प्रसिद्ध कविता “To the Fourth of July” के हिंदी रूपांतरण का पाठ करते हुए उसके भावार्थ और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं, उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयोजक रोहित वर्मा ने युवाओं से समाज में एकता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतुल कुमार श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, आदर्श श्रीवास्तव, अमित कुमार, नवनीत श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और कायस्थ समाज के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में एकजुटता, सेवा और संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।








