मौसम क्रिकेट वायरल न्यूज़ स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल विज्ञान आध्यात्मिक अन्य

वर्षों से अधूरी पड़ी पानी की टंकी बनी ग्रामीणों की परेशानी, भीषण गर्मी में गहराया पेयजल संकट

Follow Us:

पांच साल पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य, जल जीवन मिशन की योजना अब तक अधर में

कन्नौज। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। समरसेबिल और पानी की मोटरें बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई पानी की टंकियां और बिछाई गई पाइपलाइनें कई गांवों में आज भी लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं।

हसेरन क्षेत्र में करीब पांच वर्ष पूर्व शुरू किया गया पानी की टंकी का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। अधूरी पड़ी टंकी और बंद पड़ी जलापूर्ति योजना ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल योजना कागजों तक सीमित होकर रह गई है।

ग्रामीण सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए गांवों की सड़कें खोद दी गई थीं, लेकिन कई स्थानों पर आज तक समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। मिट्टी डालकर गड्ढे बंद कर दिए गए, जिससे आवागमन में भी दिक्कतें हो रही हैं। हसेरन, नगला मचल, जोगी डेरा, रूपए का पुरवा, पटरिया पुरवा समेत आसपास के कई गांवों में वर्षों से नियमित जलापूर्ति बंद पड़ी है।

बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किल

ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रहती है। जो बिजली मिलती भी है, वह इतने कम वोल्टेज की होती है कि समरसेबिल और मोटरें नहीं चल पातीं। नतीजतन घरों की पानी की टंकियां खाली पड़ी हैं और लोगों को हैंडपंपों तथा दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।

करोड़ों खर्च, लेकिन नहीं मिला लाभ

जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया और पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया, लेकिन कई स्थानों पर आज तक योजना पूरी तरह संचालित नहीं हो सकी। कहीं निर्माण कार्य अधूरा है तो कहीं तकनीकी खामियां और बिजली संकट जलापूर्ति में बाधा बने हुए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद उन्हें शुद्ध पेयजल का लाभ नहीं मिल रहा। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

ग्राम प्रधान सीताराम चंद्र शाक्य ने बताया कि इस संबंध में ब्लॉक और जिला स्तर पर कई बार लिखित शिकायत की जा चुकी है। वहीं, खंड विकास अधिकारी राम सिंह यादव ने कहा कि मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है और टंकी को शीघ्र चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जल योजना के प्रोजेक्ट अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि पहले जिस ठेकेदार को निर्माण कार्य दिया गया था, वह काम छोड़कर चला गया था, जिससे परियोजना में देरी हुई। अब नए ठेकेदार को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराकर योजना को चालू कराया जाएगा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

देवेंद्र कुमार सिंह

देवेंद्र कुमार सिंह KN Live24 में ब्यूरो चीफ कन्नौज के रूप में कार्यरत है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

Created with ❤