कन्नौज के हसेरन ब्लॉक मुख्यालय स्थित डॉक्टर भीमराव आंबेडकर सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों (B.D.C.) और ग्राम प्रधानों की कार्यकाल की आखिरी बैठक आयोजित हुई। बैठक में जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, वहीं जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर खुलकर नाराज़गी जताई।

ग्राम पंचायत लाख के बीडीसी सदस्य बालकराम ने अपनी विकलांगता का जिक्र करते हुए शौचालय न मिलने की पीड़ा बताई। इस पर खंड विकास अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नंदपुर की बीडीसी सदस्य चतुरानी देवी ने खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण गांव में अंधेरे की समस्या उठाई, जिस पर ब्लॉक प्रमुख सीमा शाक्य ने संबंधित अधिकारी को दो दिन में समाधान का निर्देश दिया।
नादेमऊ के सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह ने सामुदायिक शौचालय पर ताला लगे होने की शिकायत की, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। इस पर भी अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीओ पंचायत अतुल कुमार मिश्र ने आवास योजनाओं, पशु चिकित्सा अधिकारी सौरभ गंगवार ने मुफ्त पशु टीकाकरण, और समाज कल्याण विभाग ने विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों के हृदय रोग के इलाज के लिए सरकारी सहायता का भी उल्लेख किया गया।खंड विकास अधिकारी राम सिंह ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। अंत में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में कई ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।









