गोरखपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 30 मई को सुबह 10:30 बजे गोरखपुर क्लब सभागार में एक विशेष और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विश्व के पांच मूर्धन्य विद्वानों में शामिल प्रोफेसर अशोक जाह्नवी प्रसाद के विचार सुनने का अवसर मिलेगा, साथ ही सहभागीगण सामूहिक भोज में भी शामिल होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह पत्रकारिता को समर्पित है और इसे यादगार बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। रत्नाकर सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एस.पी. त्रिपाठी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
रत्नाकर सिंह ने बताया कि इसके साथ ही शफी आजमी, बुजेंद्र नारायण, विजय उपाध्याय, शैलेंद्र श्रीवास्तव और हांकर पारसनाथ गुप्त सहित करीब आधा दर्जन वरिष्ठ पत्रकारों को उनके पत्रकारिता के सरोकारों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
रत्नाकर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में माता सरस्वती के वरद पुत्र डॉ. कुमार हर्ष द्वारा प्रवर्तित विषय पर एक विशेष विचार गोष्ठी भी आयोजित होगी, जिसमें पत्रकारिता के मूल्यों और उसकी दिशा पर गंभीर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा, रत्नाकर सिंह ने जानकारी दी कि उन पत्रकारों को भी याद किया जाएगा जो पत्रकारिता के मार्ग में असमय हमसे बिछड़ गए। उनके नाम पर सम्मान देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
रत्नाकर सिंह ने अपील करते हुए कहा कि यह दिन पूरी तरह पत्रकारिता को समर्पित है, इसलिए सभी पत्रकारों को इसमें शामिल होकर पत्रकारिता की ताकत को और मजबूत करना चाहिए।









