बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर मठ के पास 30 वर्षीय रीता देवी, उनकी दो वर्षीय बेटी वैष्णवी और तीन महीने के बेटे कन्हैया के शव घर के एक कमरे में बिस्तर पर पड़े मिले।
घटना के समय रीता देवी के पति मिठाई लाल शाह, जो कैटरिंग का काम करते हैं, अपने भाई के साथ एक बारात में गए हुए थे। देर रात करीब 3:30 बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह अंदर पहुंचने पर उन्होंने कमरे में पत्नी और दोनों बच्चों के शव देखे। पास ही एक रस्सी भी पड़ी मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तीनों का गला घोंटकर हत्या की गई।
परिवार में कुल चार बच्चे हैं। घटना के वक्त दो छोटे बच्चे रीता देवी के साथ कमरे में थे, जबकि अन्य दो बच्चे अपनी दादी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।
मृतका की सास उर्मिला देवी ने इस घटना के पीछे गांव के कुछ रिश्तेदारों पर जमीन विवाद को लेकर दुश्मनी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण परिवार को निशाना बनाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।











