कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी भतीजी के जन्मदिन में शामिल होने के लिए दिल्ली से घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलंदपुर निवासी जगपाल सिंह के नाती अमित कुमार सिंह, पुत्र अमरेश सिंह, दिल्ली में बजाज कंपनी में एग्जीक्यूटिव सेल्स फाइनेंसर के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी तीन वर्षीय भतीजी अक्षरा का जन्मदिन था, जिसके लिए वह घर आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि अमित रविवार सुबह करीब 3 बजे बस से सौरिख पहुंचे और वहां से इलेक्ट्रिक रिक्शा द्वारा नादे मऊ रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और अमित के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में अन्य सवारियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल विशाल (निवासी मलिकपुर), सुनीता (पत्नी विनोद सिंह, निवासी श्यामपुर भटपुरा, मैनपुरी) को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि कन्हैया लाल पाल (निवासी भदौरियांपुरवा) का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सौरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों को सांत्वना दी।
घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। क्षेत्रीय विधायक कैलाश सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष प्रबल सिंह भदौरिया, एडवोकेट भूपेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौके पर मौजूद रहे।









