कन्नौज: भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के महान प्रवर्तक डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर जनपद कन्नौज में पूरे समाज ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीमा शाक्य के प्रतिनिधि पुष्पेन्द्र शाक्य एवं खंड विकास अधिकारी हसेरन राम सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी राम सिंह ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
सुभाष इंटर कॉलेज, नादे मऊ में भी भव्य आयोजन किया गया, जहां विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। प्रबंधक ओपी सिंह एडवोकेट ने कहा कि डॉ. आंबेडकर समानता और न्याय के प्रतीक थे और उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य केपी सिंह, वरिष्ठ शिक्षक रवेंद्र सिंह यादव, अरविंद सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत सकतपुर में ग्राम प्रधान विवेक दुबे एवं उनके प्रतिनिधि प्रवीण कुमार दुबे ने आंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही कंसुआ, फूलपुर, हसेरन और हुसैननगर समेत कई गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित कर लोगों ने बाबा साहेब को नमन किया।
जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से एक बार फिर यह संदेश दिया गया कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।









