Free Groundnut Seeds Distributed to Farmers : कृषि को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के तहत हसेरन ब्लॉक में किसानों को निःशुल्क मूंगफली बीज का वितरण किया गया। इस पहल ने क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगाई है।
राजकीय बीज भंडार, हसेरन पर आयोजित वितरण कार्यक्रम में कुल 160 कुंतल मूंगफली बीज उपलब्ध कराया गया, जिसमें से अब तक 242 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। बीज प्राप्त करने के लिए किसान अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्र पर पहुंचे, जहां पहले से पंजीकृत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर बीज वितरित किया गया।
बीज भंडार प्रभारी कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को उनके दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर निःशुल्क बीज दिया गया। उन्होंने अपंजीकृत किसानों से अपील की कि वे शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि भविष्य में आने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में मोटे अनाज (मिलेट्स) के बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसानों को फसल विविधीकरण का अवसर मिलेगा।
स्थानीय किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बीज मिलने से बुवाई में आसानी होगी और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। यह योजना न केवल खेती को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।








