गोरखपुर, 15 मार्च। गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा गोरखपुर क्लब सभागार में आयोजित 42वें शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर राष्ट्रभाषा रत्न से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय कमर अहमद आज़ाद की 25वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्रकारिता के प्रति समर्पण और योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता का प्रतीक बताया।
समारोह में स्वर्गीय कमर अहमद आज़ाद की स्मृति में स्वर्गीय फूल नारायणधर द्विवेदी को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही दैनिक स्वतंत्र चेतना के संपादकीय प्रभारी रविंद्र शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में 42 वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं के लिए स्व. यति वर्मा स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
वहीं पूर्व पत्रकार एवं अंतरराष्ट्रीय शूटर मुकीम सिद्दीकी को अवकाश प्राप्त लेफ्टिनेंट कर्नल स्व. जे. एस. ढिल्लों स्मृति विलक्षण प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब लखनऊ के पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश सिंह ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोकभारती समूह के समूह संपादक अनाम पांडे, दैनिक आज गोरखपुर के यूनिट प्रभारी अखिलेश चंद तथा पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान “कोविड के बाद कितनी बदली पत्रकारिता” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रवर्तन नेटवर्क 10 न्यूज़ चैनल के यूपी हेड राघवेंद्र सिंह ‘रघु’ ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नाकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, गणेश तथा प्रेस क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष अंकजधर द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के अंत में ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के समापन पर रत्नाकर सिंह ने उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।







